



न्यूज डेस्क पटना:
बिहार में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ठनका गिरने और तेज हवा चलने की आशंका भी जताई गई है।
कई जिलों में चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने बिहार के 14 जिलों—पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, भागलपुर और बांका—में ठनका गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में बारिश के भी आसार हैं।
तापमान में बढ़ोतरी और गर्मी का अहसास
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे भीषण गर्मी का एहसास हो सकता है। हालांकि सोमवार को पटना के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी की मात्रा 63 प्रतिशत रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का अनुभव हुआ।
राज्य भर में बदला मौसम का मिजाज
सोमवार को बिहार के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि और अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई। बक्सर 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि सबसे कम तापमान किशनगंज में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को राज्य के 17 जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।
तेज बारिश और हवा का असर
किशनगंज के तेबपुर इलाके में सबसे अधिक 136.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, बांका और किशनगंज में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।