पीएम मोदी एवं उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर एनडीए की महिलाओं का आज बिहार बंद, दिख रहा है व्यापक असर

News Desk Patna:

महागठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस प्रकरण के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की महिला इकाइयों ने गुरुवार, 5 सितंबर यानी को प्रदेशव्यापी बिहार बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं और रेल परिचालन को बंद से पूरी तरह मुक्त रखा गया है ताकि आम जनता को असुविधा न हो।

महिलाओं की बड़ी भूमिका

इस बार बंद की बागडोर पूरी तरह महिला मोर्चों ने संभाली है। संभवत: यह पहला मौका है जब एनडीए की महिला इकाइयां बंद कार्यक्रम में इतनी बड़ी भूमिका निभाने जा रही हैं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता, जदयू महिला मोर्चा की अध्यक्ष भारती मेहता, लोजपा (रा) महिला मोर्चा की शोभा सिन्हा, रालोमो महिला मोर्चा की स्मृति कुशवाहा और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष स्मिता शर्मा इस बंद का नेतृत्व कर रही है।

महिलाओं का आरोप

एनडीए महिला नेताओं ने कहा कि दरभंगा की घटना ने पूरे देश को शर्मसार किया है। मां भगवान की प्रतिमूर्ति होती हैं। वही मां, जो अपनी कोख में नौ महीने बच्चे को रखती है और उसे पाल-पोसकर बड़ा करती है, उस मां को राजनीतिक मंच से गालियां देना न सिर्फ अमर्यादित है बल्कि भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपरा का भी अपमान है। महिला नेताओं ने सवाल उठाया – “क्या कोई अपनी ही मां के बारे में ऐसी गंदी भाषा की कल्पना कर सकता है?”

महागठबंधन पर सीधा निशाना

एनडीए नेत्रियों का कहना है कि महागठबंधन की ओर से अब तक इस घटना के लिए माफी तक नहीं मांगी गई है। यह उनके अहंकार और मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि इस बंद का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना ही नहीं, बल्कि बिहार की जनता को यह संदेश देना भी है कि “हम अपनी संस्कृति और मातृत्व की गरिमा पर आंच नहीं आने देंगे।”

जनता से सहयोग की अपील

एनडीए महिला मोर्चा ने बिहार की जनता से अपील की है कि वे इस बंद को सफल बनाएं और इस शर्मनाक घटना के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि बंद शांतिपूर्ण होगा और आम लोगों की परेशानी का ख्याल रखा जाएगा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]