बिहार में नई सरकार का गठन: सम्राट चौधरी आज 10:50 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव होंगे उपमुख्यमंत्री, लोकभवन में भव्य समारोह

बिहार में नई सरकार के गठन के साथ बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है। सम्राट चौधरी आज सुबह 10:50 बजे लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के सभी शीर्ष नेता और केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।

News Desk Patna:

बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव के रूप में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार राज्य की कमान अपने हाथ में ले ली है। लंबे राजनीतिक घटनाक्रम और गठबंधन समीकरणों के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र सम्राट चौधरी को बिहार का 24वां मुख्यमंत्री चुना गया है।

एनडीए और भाजपा विधायक दल की बैठक में मुहर

सूत्रों के अनुसार पहले भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसके बाद एनडीए की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। बैठक में मौजूद सभी सहयोगी दलों ने इस फैसले का समर्थन किया। बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतीकात्मक रूप से सम्राट चौधरी को मखाना की माला पहनाकर सत्ता हस्तांतरण का संदेश दिया। इसे बिहार की राजनीतिक विरासत के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी

राज्य में नई सरकार के गठन के लिए आज सुबह 10:50 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है। राज्यपाल पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। समारोह को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंच और अतिथि दीर्घा को अंतिम रूप दे दिया गया है।

बड़े नेताओं की मौजूदगी

इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्र सरकार और भाजपा संगठन के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान सहित बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता और एनडीए के सभी प्रमुख सहयोगी शामिल होंगे।

डिप्टी सीएम को लेकर नया राजनीतिक समीकरण

राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव इस बार उपमुख्यमंत्री पदों को लेकर देखा जा रहा है। वर्ष 2020 में एनडीए सरकार बनने पर भाजपा की ओर से दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए थे, जिनमें रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद शामिल थे। इसके बाद भी गठबंधन सरकारों में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई थीं। इस बार चूंकि भाजपा बड़ी भूमिका में है, इसलिए उपमुख्यमंत्री पद जनता दल यूनाइटेड के हिस्से गए हैं। पहले चर्चा थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन उन्होंने इससे दूरी बना ली।

जदयू के दो नए डिप्टी सीएम

आखिरकार जनता दल यूनाइटेड ने दो अनुभवी नेताओं को उपमुख्यमंत्री पद के लिए चुना है। इनमें भूमिहार समाज से आने वाले विजय कुमार चौधरी और यादव समुदाय से जुड़े बिजेंद्र यादव शामिल हैं। दोनों नेताओं को नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिना जाता है।

शपथ समारोह का स्वरूप

लोकभवन में होने वाला यह समारोह पूरी तरह सादे लेकिन गरिमामय स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। राज्यपाल सैयद अता हसनैन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जबकि प्रशासनिक अमला लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]