सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार पर EOU का शिकंजा, आय से 65% अधिक संपत्ति मामले में चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना, छपरा और सुपौल समेत चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। जांच में 1.10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति का प्रथम दृष्टया खुलासा हुआ है।

News Desk Supaul:

बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर लगातार कार्रवाई के बीच बुधवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

आर्थिक अपराध इकाई, बिहार पुलिस मुख्यालय (आर्थिक अपराध प्रभाग) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के सत्यापन के बाद जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के खिलाफ ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

EOU थाना कांड संख्या 06/26, दिनांक 05 मई 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर बुधवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों द्वारा छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई।

EOU के प्रारंभिक सत्यापन में अमरेंद्र कुमार के खिलाफ कुल 1 करोड़ 10 लाख 64 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी के अनुसार यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 65.08 प्रतिशत अधिक है।

जानकारी के अनुसार छापेमारी पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित राज अपार्टमेंट के फ्लैट, सारण (छपरा) स्थित पैतृक आवास, सुपौल स्थित सरकारी कार्यालय तथा किराये के आवास समेत कुल चार ठिकानों पर की जा रही है। सभी स्थानों पर अलग-अलग टीम दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य खंगाल रही है।

EOU ने बताया है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई से निबंधन विभाग समेत प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]