सुपौल: सिमराही में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, आक्रोशित लोगों ने डेढ़ घंटे तक एनएच-27 किया जाम

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के धर्मपट्टी में एनएच-27 पर गलत दिशा से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के धर्मपट्टी में एनएच-27 पर शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक एनएच-27 को जाम कर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस और स्थानीय प्रशासन के समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।

शव के पास विलाप करते परिजन

घटना धर्मपट्टी स्थित पथ ओवरब्रिज के समीप एक बुलेट मोटरसाइकिल जिस पर तीन लोग सवार थे, धर्मपट्टी कट से विपरीत दिशा में आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही टीवीएस कंपनी की मोटरसाइकिल सवार से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टीवीएस मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक मौके से फरार हो गए। वहीं दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बुलेट मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर घटना की सूचना राघोपुर थाना पुलिस को दी।

मौके पर मौजूद पुलिस

मृतक की पहचान जिले के रतनपुरा थाना क्षेत्र के समदा वार्ड संख्या-12 निवासी 55 वर्षीय सिरायराम मालाकार के रूप में की गई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की जानकारी देते हुए मृतक के परिजन शिवशंकर मालाकार ने बताया कि सिरायराम मालाकार की बेटी सिमराही स्थित एक अस्पताल में भर्ती है। उसे देखने के लिए वह सिमराही आए हुए थे। इसी दौरान सिरायराम मालाकार उनसे मिलने उनकी दुकान पर पहुंचे थे। मुलाकात के बाद वह उनके घर जाने के लिए निकले। दुकान से कुछ ही दूरी पर स्थित एनएच-27 के कट के पास विपरीत दिशा से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

NH 27 पर लगा जाम

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर जुट गए। लोगों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब 25 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों ने एनएच-27 को जाम कर दिया और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मृतक के परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे। उनका कहना था कि जब तक उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक शव को घटनास्थल से नहीं उठाने दिया जाएगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों से लगातार बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया।

NH 27 पर लगा जाम

करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस के समझाने-बुझाने पर लोगों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों से वार्ता कर सड़क जाम को हटवाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment