अररिया को मिला यातायात थाना, जटाशंकर बने पहले थानाध्यक्ष

न्यूज डेस्क अररिया: अररिया में लगातार लगते जाम और अनियंत्रित ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए अररिया में यातायात थाना का शुभारंभ एसपी अशोक कुमार सिंह ने बुधवार को किया। एसपी अशोक कुमार सिंह ने फीता काटकर यातायात थाना का उद्घाटन किया। वहीं पहले थानाध्यक्ष के रूप में एसपी ने जटाशंकर की प्रतिनियुक्ति की। साथ ही अन्य पुलिस अधिकारी और ट्रैफिक बलों की भी प्रतिनियुक्ति थाना में की गई है। जो शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने की दिशा में काम करेगी।

इस मौके पर अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अररिया में यातायात थाना की आवश्यकता महसूस हो रही थी। लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात थाना का शुभारंभ किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रहे, इसके लिए थानाध्यक्ष एवम अन्य पुलिस अधिकारी हमेशा मुस्तैद रहेंगे। यातायात संबंधी एफआईआर यातायात थाना में दर्ज होगी। उन्होंने कहा कि जिला में आने वाले दिनों में आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था बहाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात थाना को ट्रैफिक कंट्रोल के लिए जरूरी समानों और संसाधनों से लैस किया जायेगा। फिलहाल अधिकारियों और बलों को ट्रैफिक हेलमेट एवं अन्य संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।अररिया जिले को स्थापना के 33 साल बाद यातायात थाना मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]