अररिया: दधीचि देहदान समिति के सम्मान समारोह में नेत्रदानी परिवार को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट: राहुल पराशर|अररिया

फारबिसगंज के तेरापंथ भवन में दधीचि देहदान समिति की ओर से मरणोपरांत आंखों के कॉर्निया का महादान करने वाले नेत्रदानी परिवार के परिजनों को समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल ने की, जबकि सफल संचालन विनोद सरावगी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल सर्जन एवं नेत्र विशेषज्ञ डॉ विधानचंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्णिया के समिति के संरक्षक एवं सर्जन डॉ अनिल कुमार गुप्ता, जिला वैक्सीन अधिकारी डॉ अजय कुमार सिंह, मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद नूतन भारती आदि मौजूद थे। अतिथियों ने नेत्रदानी स्व संतोष गोयल के पुत्र आदर्श गोयल और पुत्र वधु शिवानी गोयल, नेत्रदानी स्व सिरू देवी राखेचा के देवर अशोक राखेचा, स्व प्रेमा देवी बोथरा के पुत्र प्रदीप बोथरा और स्व जगदीश अग्रवाल के पुत्र रमेश अग्रवाल को शाल, दुपट्टा और सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया। इससे पहले सभी आगंतुक अतिथियों का स्वागत समिति के द्वारा समिति का अंग वस्त्र पहनाकर किया गया। जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी राहुल ठाकुर और सह सचिव राजकुमार पप्पू लड्डा ने दी।

अध्यक्षता कर रहे समिति के जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल ने समिति के कार्यकलापों की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि अररिया जिला में नेत्र संग्रह की सुविधा नहीं रहने के वाबजूद अभी तक कुल छह नेत्रदान हो चुके हैं। जबकि सुमित अग्रवाल के द्वारा अपने पिता सत्येन्द्र अग्रवाल के निधन के बाद नेत्रदान की सहमति देने के बाद भी मेडिकल टीम न आ पाने के कारण उनका नेत्रदान नहीं हो पाया।उन्होंने सिविल सर्जन से फारबिसगंज लायंस नेत्रालय या जिला मुख्यालय में नेत्र संग्रह की सुविधा शुरू करने की मांग की। इसको लेकर समिति की ओर से सिविल सर्जन को एक मांगपत्र भी सौंपा। जिस पर सीएस ने अपने स्तर पर कार्रवाई कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने हेतु आश्वस्त किया गया।

मौके पर दधीचि देहदान समिति के पूर्णिया प्रकोष्ठ के संरक्षक डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने अररिया जिला इकाई के कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने उड़ीसा सरकार के पहल का अनुसरण बिहार में भी किए जाने की वकालत की। वहीं जिला वैक्सीन पदाधिकारी डॉ अजय कुमार सिंह ने कहा कि देश में 15 लाख कॉर्निया की आवश्यकता है। जबकि अभी मात्र 15 हजार  ही उपलब्ध हो पाते हैं। डेढ़ अरब की आबादी वाले भारत को श्रीलंका जैसे छोटे देश से अनुसरण लेने की आवश्यकता करार दिया। सिविल सर्जन समेत उपस्थित दोनों वरीय चिकित्सकों ने नेत्रदान को लेकर भ्रांतियां दूर करते हुए बारीकी से जानकारी दी।

मुख्य पार्षद वीणा देवी ने समिति के नेत्रदानी के नाम पर निवास स्थान वाली गली के नामकरण की मांग पर नगर परिषद की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव लाने और उसे मंजूरी दिलवाने के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दी। सम्मान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्धजन शामिल हुए। जिनमें उपासिका प्रभा सेठिया, वाहिद अंसारी, ब्रह्माकुमारी सीता दीदी और संतोष दीदी, दीपा अग्रवाल, तेरापंथ महासभा के अध्यक्ष निर्मल मरोठी ने भी संबोधन किया।

कार्यक्रम में सरिता सेठिया, नीलम बोथरा, अरविंद गोयल, निर्मल सेठिया, मांगीलाल गोलछा, विनय कुमार ठाकुर, कमल डालमिया, रामकुमार भगत, सीताराम भगत,  अभिषेक नीरज, मोतीलाल शर्मा, कोमल अग्रवाल, रजनी जयसवाल, संगीता अग्रवाल, पार्षद बुलबुल यादव, गणेश गुप्ता, पार्षद गुड्डू अली, डीपीएम संतोष वर्मा, रेफरल अस्पताल प्रबंधक डॉ नाजिश नियाज, पवन अग्रवाल आदि लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]