कोसी नदी: नेपाल में भारी बारिश से कोसी नदी उफान पर, 50 गेट खोले गए, अब तक का सबसे अधिक डिस्चार्ज — रेड अलर्ट जारी, प्रशासन अलर्ट मोड में

News Desk Supaul:

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार के सीमावर्ती इलाकों में साफ दिखने लगा है। बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

रविवार सुबह 8 बजे कोसी बैराज से 3,35,360 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया, जबकि बराह क्षेत्र से 3,30,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। विशेषज्ञों के अनुसार, यह इस वर्ष का सबसे अधिक जलप्रवाह (डिस्चार्ज) है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 56 में से 50 गेट खोल दिए गए हैं, ताकि पानी के दबाव को कम किया जा सके।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोसी बैराज पर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। जल संसाधन विभाग ने कहा है कि नेपाल के पहाड़ी इलाकों में अब भी लगातार वर्षा हो रही है, जिससे जलस्तर में और वृद्धि की संभावना बनी हुई है।

सुपौल प्रशासन ने कोसी तटबंध से सटे सभी प्रखंडों में चौकसी बढ़ा दी है। तटबंधों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं बाढ़ नियंत्रण कक्षों को सक्रिय कर दिया गया है और अभियंता व पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।

स्थानीय प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, नदी किनारे जाने से परहेज करने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील किया कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई सूचना या खबर संदिग्ध लगे तुरंत सुपौल जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। 24×7 आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क करें:

सुपौल जिला नियंत्रण कक्ष: 06473-224005

जिला आपातकालीन नंबर: 9430225162राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष: 0612-2294204 / 0612-2294205

राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष: 0612-2294204 / 0612-2294205

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]