चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: बीएलओ और पर्यवेक्षकों का मानदेय दोगुना, अब मिलेंगे 24 हजार रुपये

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट रिवीजन के बीच चुनाव आयोग ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) समेत चुनावी कार्य में लगे कर्मियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने उनके मानदेय में दो गुना वृद्धि का ऐलान किया है।

अब BLO को 6,000 रुपये के बजाय 12,000 रुपये का मानदेय मिलेगा, साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए अतिरिक्त 6,000 रुपये विशेष भत्ता के रूप में मिलेंगे। इसके अलावा बिहार सरकार की ओर से भी 6,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इस प्रकार BLO को कुल 24,000 रुपये तक की राशि प्राप्त होगी।

वहीं BLO पर्यवेक्षकों का मानदेय भी 12,000 से बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया है। चुनाव कार्य में लगे ERO को 25,000 और AERO को 30,000 रुपये दिए जाएंगे, जिन्हें पहले कोई मानदेय नहीं मिलता था। चुनाव आयोग ने बताया कि बीते 10 वर्षों में BLO और सुपरवाइजर के मानदेय में कोई बदलाव नहीं किया गया था। अब यह संशोधित राशि पूरे देश में लागू की जाएगी।

यह निर्णय बिहार से शुरू हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के विस्तार को देखते हुए लिया गया है, जो जल्द ही अन्य राज्यों में भी लागू होगा। इस आदेश की जानकारी चुनाव आयोग ने शनिवार को सार्वजनिक की। इससे BLO सहित चुनाव प्रक्रिया में लगे हजारों कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]