नालंदा: हरनौत थाने में ASI ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत

न्यूज डेस्क नालंदा:

नालंदा जिले के हरनौत थाना परिसर में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां तैनात सहायक पुलिस निरीक्षक (ASI) राम पुकार यादव ने थाने के पीछे बने बाथरूम के पास अपनी ही सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर थाना में मौजूद अधिकारी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल ASI को तुरंत कल्याण बीघा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल, अन्य अधिकारी और नालंदा एसपी भारत सोनी थाने पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना परिसर को सील कर बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

सदर डीएसपी-2 ने पुष्टि की कि घटना आत्महत्या की प्रतीत होती है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ASI ने ऐसा कदम क्यों उठाया। शव को IGIMS, पटना पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। इस घटना से पुलिस महकमे और स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। साथी पुलिसकर्मी भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]