फारबिसगंज चेयरमैन ने ईओ और पार्षदों के साथ छठ घाटों का किया निरीक्षण

न्यूज डेस्क अररिया: फारबिसगंज नगर परिषद प्रशासन लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी में जुट गई है। बुधवार को नगर परिषद के चेयरमैन वीणा देवी के नेतृत्व में कार्यपालक पदाधिकारी संदीप कुमार, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह पार्षद उमाशंकर उर्फ बुलबुल यादव, नप के प्रभारी प्रधान सहायक कुंदन सिंह ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और आस्था से जुड़े महापर्व में साफ सफाई, रोशनी और अन्य व्यवस्था को लेकर आवश्यक रूपरेखा भी तैयार की गई। इससे पहले मंगलवार को चेयरमैन ने नप कार्यालय में छठ पूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर नगर परिषद से उनकी अपेक्षा को लेकर जानकारी भी ली थी।

मुख्य पार्षद और ईओ सहित अन्य ने शहर के कोठीहाट नहर,सीताधार, सुल्तान पोखर पहुंचकर घाटों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और उसे दुरुस्त करने को लेकर विचार विमर्श करते हुए कई आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।सड़क, पानी के बहाव, गंदगी, अतिक्रमण, खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, रंग रौग़न, व्रतियों के लिए कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम, रोशनी के प्रबंध आदि के मामले पर विचार-विमर्श किया गया।

इस संबंध में मुख्य पार्षद और ईओ ने बताया की जल्द ही सभी घाटों की समुचित साफ-सफाई कराई जायेगी, घाटों के समीप बने अस्थायी अतिक्रमण को भी मुक्त कराया जायेगा। कहा की लोकआस्था के इस महापर्व पर छठव्रतियों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए नप प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है।

मौके पर छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव यादव, संतोष भगत ,प्रवीण देव, अभिषेक देव, पप्पू केशरी, सुभाष शर्मा, सुनील यादव, चंद्रदीप पासवान, रिंकू कुमार आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]