बिहार चुनाव 2025: अमित शाह करेंगे नामांकन सभाओं की मॉनिटरिंग, 10 मुख्यमंत्रियों और दर्जनों केंद्रीय नेताओं के साथ भव्य नामांकन सभाओं की तैयारी

News Desk Patna:

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने पूरी ताकत झोंक दी है। गठबंधन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और प्रत्याशियों के नाम की औपचारिक घोषणा मात्र शेष है। एनडीए की ओर से नामांकन सभाओं को भव्य और ऊर्जावान बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश का संचार हो।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार में तीन दिन का कैंप करेंगे और स्वयं नामांकन सभाओं की मॉनिटरिंग करेंगे। वे कई जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।

15 से 18 अक्टूबर के बीच आयोजित होने वाली नामांकन सभाओं में भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री बिहार आएंगे। इनमें योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), भूपेंद्र पटेल (गुजरात), मोहन यादव (मध्य प्रदेश), भजन लाल शर्मा (राजस्थान), विष्णु देव साई (छत्तीसगढ़), हिमंत बिस्वा शर्मा (असम), पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड), नायब सिंह सैनी (हरियाणा) और देवेंद्र फडणवीस (महाराष्ट्र) जैसे नेता शामिल हैं।

भाजपा ने पहले चरण की नामांकन सभाओं के लिए आठ हेलीकॉप्टर, जबकि जदयू ने तीन हेलीकॉप्टर का प्रबंध किया है। इनसे शीर्ष नेता और स्टार प्रचारक विभिन्न जिलों में पहुंचकर जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

नामांकन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए भाजपा विधि प्रकोष्ठ एवं चुनाव विभाग के प्रमुख राधिका रमण की देखरेख में 150 अधिवक्ताओं का पैनल बनाया गया है, जो जिलों में प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।

नामांकन सभाओं को संबोधित करने वाले प्रमुख नेताओं में भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, अश्विनी वैष्णव, भूपेंद्र यादव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, गजेंद्र सिंह शेखावत, हरदीप सिंह पुरी, चिराग पासवान, राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), जीतन राम मांझी और केशव प्रसाद मौर्य शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]