बिहार चुनाव 2025 : जदयू ने जारी की पहली सूची, 57 उम्मीदवारों के नामों का हुआ ऐलान

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। बुधवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने 57 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

इस सूची पर अंतिम मुहर स्वयं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लगाई। पार्टी के अंदर कई दौर की चर्चाओं और लंबी बैठकों के बाद उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।

जदयू नेताओं ने बताया कि प्रत्याशी चयन में विकास, कार्यकर्ता समर्पण, जातीय समीकरण और स्थानीय लोकप्रियता जैसे पहलुओं को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी का मानना है कि इस बार जनता विकास कार्यों और सुशासन के मुद्दे पर जदयू के पक्ष में जनादेश देगी।

एनडीए में हुए सीट बंटवारे के अनुसार, जदयू कुल 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि शेष सीटों पर भाजपा और अन्य घटक दल अपने उम्मीदवार उतारेंगे। जदयू ने बताया कि गठबंधन के भीतर पूर्ण तालमेल के साथ सूची तैयार की गई है ताकि विपक्षी महागठबंधन को कड़ी टक्कर दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]