बिहार में वोटर लिस्ट विवाद पर गरमाई राजनीति: राहुल गांधी बुधवार को पटना में करेंगे ‘बिहार बंद’ मार्च का नेतृत्व, खेमका परिवार से मिलने की भी संभावना

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट पुनरीक्षण को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आया है। अब इसी विवाद को और अधिक धार देने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद मैदान में उतरने जा रहे हैं। वे बुधवार, 9 जुलाई को राजधानी पटना पहुंचेंगे और ‘बिहार बंद’ के तहत निकाले जा रहे मार्च का नेतृत्व करेंगे।

पटना एयरपोर्ट से सीधे बंद में होंगे शामिल

राहुल गांधी बुधवार सुबह करीब 10 बजे पटना एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे इनकम टैक्स गोलंबर से शहीद स्मारक तक आयोजित विरोध मार्च में शामिल होंगे। यह मार्च मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और पुनरीक्षण प्रक्रिया में पक्षपात के खिलाफ निकाला जा रहा है।

महागठबंधन एकजुट, विपक्ष सड़क पर

इस मार्च को कांग्रेस के साथ-साथ राजद, वामपंथी दल, एनसीपी समेत महागठबंधन के सभी प्रमुख दलों ने समर्थन दिया है। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची में गरीब, पिछड़े और विपक्ष समर्थक समुदायों के नामों को सुनियोजित ढंग से हटाया जा रहा है, ताकि सत्तारूढ़ दल को चुनावी लाभ मिल सके।

खेमका परिवार से भी मिल सकते हैं राहुल गांधी

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अपने पटना दौरे के दौरान चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या के मामले को लेकर शोक संतप्त परिवार से भी मिल सकते हैं। खेमका की हत्या को लेकर पूरे राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, और विपक्ष इसे लेकर सरकार को लगातार घेर रहा है। राहुल गांधी खेमका परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर सकते हैं।

कांग्रेस ने बंद को सफल बनाने के दिए निर्देश

कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने राज्य के सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी किए हैं कि वे बंद में पूरी सक्रियता से भाग लें और इसे सफल बनाएं। पार्टी ने कहा है कि मतदाता सूची में की जा रही छेड़छाड़ लोकतंत्र पर हमला है, और इसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।

प्रशासन अलर्ट, पटना समेत कई जिलों में सुरक्षा कड़ी

बंद के मद्देनज़र राज्य प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पटना समेत कई प्रमुख जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन ने किसी भी संभावित अराजकता से निपटने के लिए पुलिस को चौकस रहने के निर्देश दिए हैं।

जेडीयू ने निकाली साइकिल रैली, कहा- पुनरीक्षण जनहित मे

उधर, सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए सोमवार को साइकिल रैली निकाली। इस रैली के जरिए पार्टी ने मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया के महत्व के बारे में जागरूक किया। जेडीयू का कहना है कि पुनरीक्षण चुनावी प्रक्रिया का नियमित हिस्सा है और इसमें किसी प्रकार का पक्षपात नहीं हो रहा।

राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम है राहुल गांधी का दौरा

राहुल गांधी का यह दौरा 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनावों की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मतदाता सूची विवाद अब सिर्फ एक प्रशासनिक मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी महागठबंधन के बीच राजनीतिक संघर्ष का केंद्र बिंदु बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]