भीषण ठंड के चलते सुपौल जिले में स्कूलों के समय में बदलाव, प्रभारी डीएम ने जारी किया आदेश

News Desk Supaul:

जिले में लगातार बढ़ती ठंड और तापमान में भारी गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। छोटे बच्चों एवं छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए सुपौल जिला दंडाधिकारी की ओर से स्कूलों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

प्रभारी डीएम के द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सुपौल जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल) में कक्षा 1 से कक्षा 10 तक की शैक्षणिक गतिविधियां अब सुबह 10:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक संचालित होंगी। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा।

यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सह-प्रभारी जिला दंडाधिकारी, सुपौल द्वारा जारी किया गया है। आदेश 14 जनवरी से 20 जनवरी तक प्रभावी रहेगा।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षा पदाधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, अनुमंडल एवं पुलिस प्रशासन को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम सामान्य होने पर आगे की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]