मधुबनी: स्कूल से घर लौट रही सात वर्षीय मासूम सुप्रिया को ट्रक ने रौंदा, हुई मौत

न्यूज डेस्क मधुबनी: जिले के नरहिया ओपी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 57 पर नवटोली के समीप अपनी बुआ के साथ स्कूल से घर लौट रही सात वर्षीय सुप्रिया कुमारी को बांस लदे एक ट्रक ने बुरी तरह से रौंद दिया जिससे मासूम लड़की की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं मिली जानकारी के मुताबिक़ राहुल कुमार साह की इकलौती बिटिया सुप्रिया छुट्टी होने के बाद कांधे पर बैग लिए स्कूल से घर जा रही थी। इसी बीच नवटोली के समीप वो तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज और भयावह थी कि ट्रक के नीचे आ जाने के कारण मासूम लड़की की लाश के चिथड़े उड़ गए। वहीं ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर भाग गया जिसे कुछ लोगों के सहयोग से घटना स्थल से 20 किलोमीटर दूर अररिया संग्राम में पकडाया।

फिल्हाल इस घटना से सुप्रिया के परिवार में गम का माहौल है। सड़क पर उसकी बुआ लाश के चिथड़ों को समेटकर बिलख रही थी। आसपास काफ़ी लोगों की भीड़ जुट गई वहीं अक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं तत्काल सुचना पर पहुंचे नरहिया ओपी अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। खबर संकलन तक राजमार्ग अवरुद्ध था।

इस संदर्भ में एसडीपीओ फुलपरास सुधीर कुमार ने बताया कि जिस ट्रक से हादसा हुआ उसे पकड़ लिया गया और चालक को भी हिरासत में लिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।

बताते चलें कि आए दिन इन काली सड़को पर लाल नदियां बहती हैं जिसने न जाने कितनों की जिन्दगी लील लिया पर सड़क हादसे कम करने की दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण एक बार फिर पंख फैलाने से पहले सुप्रिया के पंख कतर दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]