मनमानीपूर्ण तरीके से आंगनबाड़ी केंद्र संचालित करने का आरोप, वार्ड पार्षद ने DM और मुख्यमंत्री को आवेदन देकर किया कार्रवाई का मांग

न्यूज डेस्क सुपौल: जिले के नगर पंचायत सिमराही वार्ड नंबर 12 की वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने सीडीपीओ राघोपुर, डीएम सुपौल, निदेशक ICDS और मुख्यमंत्री बिहार को पत्र लिखकर आंगनबाड़ी केंद्रों के मनमानीपूर्ण संचालन पर रोक लगाते हुए उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इस संबंध में पार्षद द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि राघोपुर बाल विकास परियोजना अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर सीडीपीओ और केंद्र की सेविका के मिलीभगत से विभागीय आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए मनमर्जी तरीके से केंद्र संचालित किया जा रहा है, साथ ही पोषाहार राशि का भी गबन किया जा रहा है। आवेदन में कहा गया है कि उनके वार्ड अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 241 के सेविका द्वारा विभागीय नियमावली का अवहेलना करते हुए केंद्र संचालित किया जा रहा है। जबकि उक्त मामले में उन्होंने बीते 13 अक्टूवर को भी बाल विकास परियोजना कार्यालय राघोपुर में सीडीपीओ के नाम लिखित आवेदन देकर मामले में कार्यवाई का मांग किया था। लेकिन सीडीपीओ स्तर से भी मामले को अनदेखी किया गया, जो मिलीभगत का संकेत है। आवेदन में कहा है कि बीते 20 दिसंबर को उक्त आंगनबाड़ी केंद्र पर विभागीय निर्देशानुसार सामाजिक अंकेक्षण का कार्यक्रम निर्धारित था, बाल विकास परियोजना कार्यालय के द्वारा पत्र जारी कर परियोजना अंतर्गत सभी केंद्रों के सेविका को सूचित किया गया था कि पंचायत एवं नगर पंचायत में केंद्र के अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य एवं वार्ड पार्षद के उपस्थिति में अंकेक्षण कराया जाना है। लेकिन केंद्र संख्या 241 की सेविका द्वारा मनमानी करते हुए उन्हें सूचना तक नहीं दिया गया। इससे साफ स्पष्ट होता है कि सेविका द्वारा व्यापक पैमाने पर पोषाहार राशि का गबन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]