मुजफ्फरपुर में पुलिस और स्मैक माफिया के बीच मुठभेड़, गोली लगने से आरोपी घायल

न्यूज डेस्क मुजफ्फरपुर:

बिहार के मुजफ्फरपुर में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना उस वक्त हुई जब पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे स्मैक माफिया मनोज साह ने दारोगा की पिस्टल छीनकर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें मनोज के पैर में गोली लगी।

कैसे हुआ मुठभेड़

मनोज साह को पुलिस ने मंगलवार को दिन में हिरासत में लिया था। उससे स्मैक तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही थी। रात में पुलिस उसे लेकर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करने निकली थी। इसी दौरान मौका पाकर मनोज ने एक दारोगा की पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन उसने भागते-भागते पुलिस की गाड़ी पर गोली चला दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई

मनोज द्वारा चलाई गई गोली पुलिस की गाड़ी पार कर गई, लेकिन संयोग से उसमें सवार थानेदार शरत कुमार और अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें मनोज के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। घायल हालत में पुलिस ने उसे पकड़कर एसकेएमसीएच (श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल) में भर्ती कराया।

मनोज का बड़ा स्मैक नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक, मनोज साह मुजफ्फरपुर के मिठानपुरा थाना क्षेत्र के सौदा गोदाम इलाके का निवासी है। वह शहर में कई जगहों पर स्मैक का कारोबार चलाता था और उसके कई ठिकाने थे। हाल ही में पुलिस ने स्मैक तस्करों के खिलाफ अभियान छेड़ा था, जिसमें मनोज को गिरफ्तार किया गया था।

एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के एसएसपी अहले सुबह मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जांच की। पुलिस अब मनोज के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *