मुहर्रम जुलूस में बवाल: कटिहार में इंटरनेट बंद, दरभंगा में दरोगा पर हमला, नवादा में आठ झुलसे, वैशाली में बस जलाई, मुजफ्फरपुर में विवादित झंडा लहराया

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार में रविवार को मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए ताजिया जुलूस के दौरान कई जिलों में हालात बिगड़ गए। कहीं आपसी विवाद में झड़प हुई, तो कहीं जुलूस के दौरान हादसे हुए। कटिहार, दरभंगा, नवादा, वैशाली और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में उपद्रव और तनाव की स्थिति देखी गई।

कटिहार जिले में मुहर्रम के जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों ने दूसरे देश का झंडा भी लहराने की कोशिश की, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। माहौल को देखते हुए जिला प्रशासन ने गृह विभाग (विशेष शाखा) के निर्देश पर इंटरनेट, सोशल मीडिया और मैसेजिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। जिला प्रशासन ने कहा है कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

दरभंगा में दरोगा पर चाकू से हमला

दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस के दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने पुलिस के दरोगा अमित कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से दरोगा की जांघ में गंभीर चोट आई। घायल दरोगा को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया, जो खाजा सराय का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के विरोध में स्थानीय लोगों ने दरभंगा-बहेड़ी स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सदर एसडीओ विकास कुमार और सदर डीएसपी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर यातायात बहाल कराया।

नवादा में करंट की चपेट में आए आठ युवक

नवादा जिले के नेमदरगंज थाना क्षेत्र के दिरी गांव में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जुलूस में लहराया जा रहा एक झंडा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। इस हादसे में झंडा पकड़े आठ युवक झुलसकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

वैशाली में बस की ठोकर से हंगामा, आगजनी

वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड के बलिगांव थाना क्षेत्र के चिकनौटा में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक यात्री बस की चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि महादेव बस, जो समस्तीपुर की ओर से आ रही थी, लगातार हॉर्न बजा रही थी, लेकिन जुलूस में शामिल लोग रास्ता खाली नहीं कर रहे थे। इसी दौरान बस की टक्कर से दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद जुलूस में शामिल लोग आक्रोशित हो उठे और उन्होंने बस में आग लगा दी। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित निकल गए। घटनास्थल पर पहुंची महुआ एसडीपीओ कुमारी दुर्गा शक्ति और बलिगांव थाना पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और घायलों को समस्तीपुर रेफर किया गया।

मुजफ्फरपुर में भी दूसरे देश के झंडे को लेकर बवाल

मुजफ्फरपुर में भी मुहर्रम जुलूस के दौरान दूसरे देश के झंडे के उपयोग की कोशिश की गई, जिससे माहौल में तनाव फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर झंडा हटवाया और उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखने की बात कही।

प्रशासन की अपील

घटनाओं के बाद प्रशासन ने सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। कटिहार, दरभंगा, नवादा, वैशाली और मुजफ्फरपुर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]