रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो का टायर फटने से अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी, 1 की मौत, 2 घायल

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर पंचायत वार्ड 3 के शमीप एनएच 57 पर मंगलवार की रात करीब साढ़े 11 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के टायर फटने से वह अनिंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

दुर्घटना में मरने वाले की पहचान दरभंगा जिले के बिजली थाना क्षेत्र निवासी दुर्गानंद शर्मा (32) के रूप में हुई है। वह स्कॉर्पियो (बीआर 07 पीसी 3809) से दो अन्य साथियों के साथ पूर्णिया से लौट रहे थे। वापस लौटते समय रामविशनपुर वार्ड 3 के पास अचानक टायर फटने से वाहन का नियंत्रण खो गया और स्कॉर्पियो सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी।

बता दें कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। पुलिस भी सूचना पर वहां पहुंची और घायलों को राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दुर्गानंद शर्मा को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हालांकि घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

इस मामले में थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि अभी तक घटना को लेकर कोई आवेदन नहीं मिला है। मृतक दुर्गानंद शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]