विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा कदम, 49 लाख छात्रों के खाते में 2920 करोड़ की राशि भेजी

News Desk Patna:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को बिहार के स्कूली छात्र-छात्राओं को बड़ी सौगात दी। उन्होंने विभिन्न शैक्षिक योजनाओं के अंतर्गत 49 लाख 9 हजार 336 बच्चों के बैंक खातों में कुल 2920 करोड़ रुपये डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजे। यह राशि मुख्यमंत्री पोशाक, साइकिल, कन्या उत्थान और छात्रवृत्ति सहित कई योजनाओं से जुड़ी हुई है।

मुख्यमंत्री ने यह राशि राजधानी पटना स्थित 1, अणे मार्ग संकल्प भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जारी की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग की 958.79 करोड़ रुपये की 331 इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया।

किन योजनाओं के तहत दी गई राशि

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं को यह लाभ निम्नलिखित योजनाओं से दिया गया है:

  • मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट उतीर्ण) प्रोत्साहन योजना
  • मुख्यमंत्री साइकिल योजना
  • मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना
  • मुख्यमंत्री बालक पोशाक योजना
  • छात्रवृत्ति योजना
  • मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना

शिक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को मिला नया आयाम

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

  • 426.10 करोड़ रुपये की लागत वाली 259 पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।
  • 532.69 करोड़ रुपये की लागत वाली 72 नई परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।

ये सभी परियोजनाएं स्कूल भवन, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, छात्रावास, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ करने से जुड़ी हुई हैं।

शिक्षा बजट में कई गुना बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य की शिक्षा व्यवस्था में हुए बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2005 में बिहार का शिक्षा बजट मात्र 4,366 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 77,690 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सरकार ने बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की है और नए स्कूल भवनों के निर्माण के साथ बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]