वीरपुर में दो दिनों में दो हादसे: एक महिला की मौत, दूसरी घटना में दुकान में घुसी कार, लाखों की क्षति

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

वीरपुर क्षेत्र में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार और शनिवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया।

पहली घटना शुक्रवार को हुई, जब एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने 50 वर्षीय महिला को अपनी चपेट में ले लिया। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब महिला सड़क पार कर रही थी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

इसके एक दिन बाद, शनिवार को वीरपुर-बलुआ एसएच 91 पर बसंतपुर प्रखंड कार्यालय मोड़ से करीब 100 मीटर पहले एक अनियंत्रित कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मारी और फिर एक खुली दुकान में जा घुसी। इस भयावह दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। दुकान में घुसने के बाद कार ने अंदर रखे सामान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि, “हमें जैसे ही सूचना मिली, हमने तुरंत गश्ती दल को मौके पर भेजा। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

घटना के दौरान दुकान चला रहे मनीष कुमार और कार सवार एक व्यक्ति को चोटें आई हैं। दुकानदार मनीष कुमार ने बताया, “मैं दुकान में बैठा था कि अचानक एक कार तेज रफ्तार से आई और सीधे अंदर घुस गई। मेरे दुकान में रखे लैपटॉप, फ्रिज, प्रिंटर समेत कई सामान पूरी तरह टूट गए। लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।” वहीं, प्रत्यक्षदर्शी शिवकुमार मेहता, जिनकी कार को पहले टक्कर मारी गई, ने बताया, “मैंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी और पास की दुकान से पानी लेने गया था। तभी तेज गति से आई एक अनियंत्रित कार ने मेरी कार को टक्कर मारी और फिर दुकान में जा घुसी। मेरी कार को भी नुकसान पहुंचा है।”

स्थानीय लोगों में इस दोहरी घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उन्होंने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को अपने कब्जे में ले लिया है और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *