सुपौल में डेंगू, कालाजार और HIV को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, सभी स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिलाधिकारीसावन कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला मुख्यालय में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुपौल, किशनपुर, राघोपुर, बसंतपुर, त्रिवेणीगंज एवं निर्मली प्रखंडों में डेंगू, कालाजार एवं HIV की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में अंतरविभागीय चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बुखार के मरीजों को अगर दोबारा बुखार की शिकायत हो तो तत्काल डेंगू की जांच की जाए। इसके लिए सभी प्रखंडों में डेंगू जांच कीट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी प्रखंडों में बुखार के मरीजों के पिछले दस दिनों के आंकड़ों का विश्लेषण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रखंड स्तर पर निजी चिकित्सकों के साथ समन्वय कर डेंगू जागरूकता एवं इलाज को लेकर बैठक आयोजित करने का आदेश दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधकों एवं अस्पताल प्रबंधकों को अपने-अपने संस्थानों में बने डेंगू वार्ड की मच्छरदानी सहित तस्वीरें विभागीय वाट्सएप ग्रुप पर साझा करने का निर्देश दिया।

सिविल सर्जन, सुपौल की अध्यक्षता में जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जीविका डीपीएम के साथ मिलकर डेंगू, कालाजार एवं HIV पर संयुक्त बैठक आयोजित करने को कहा गया। इसी तरह की प्रक्रिया प्रखंड स्तर पर भी अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, उपाधीक्षक (सदर अस्पताल), जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला योजना समन्वयक, सामुदायिक उत्प्रेरक, स्वास्थ्य समिति के प्रतिनिधि सहित सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]