सीमा सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, पेयजल आपूर्ति और भूमि अर्जन पर दिए गए कड़े निर्देश

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में शुक्रवार को लहटन चौधरी सभागार, सुपौल में 45वीं एसएसबी बटालियन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं भू-अर्जन विषयों पर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुपौल, 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर के कार्यवाहक कमांडेंट श्री सतीश रंजन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुपौल सहित संबंधित विभागों के कई अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी सुपौल को स्पष्ट निर्देश दिया कि सीमा क्षेत्र के सभी बीओपी (बॉर्डर आउट पोस्ट) में स्थापित पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की 15 दिनों के भीतर जांच कर चालू कराना सुनिश्चित करें। जिन स्थानों पर पेयजल व्यवस्था अब तक स्थापित नहीं हो सकी है, वहां शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति प्रारंभ की जाए।

साथ ही सीमा क्षेत्र स्थित 45वीं वाहिनी एसएसबी वीरपुर के कुल 16 बीओपी के लिए अर्जित भूमि के अतिरिक्त सटे हुए प्रस्तावित भूमि की पहचान कर संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे जल्द से जल्द प्रस्ताव बनाकर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने भू-अर्जन पदाधिकारी को प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर भूमि अधिग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।

बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों की बुनियादी आवश्यकताओं को समय पर पूरा करना और भू-अर्जन संबंधी लंबित मामलों में तेजी लाना था, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]