सुपौल: एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मॉर्निंग वॉक कर रहे युवक को कुचला, मौके पर मौत, सड़क जाम

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर साक्षी मोटर्स के समीप सुबह-सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मॉर्निंग वॉक के लिए निकले 25 वर्षीय गुलशन कुमार को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गुलशन कुमार त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गौनहा गांव के निवासी थे, और सिमराही में रहकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम करते थे।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने जब यह दर्दनाक खबर सुनी तो वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। गुलशन के असमय निधन से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने हादसे के विरोध में एनएच-27 पर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। आक्रोशित लोग मुआवजे की मांग कर रहे थे, और प्रशासन के प्रति उनका गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था।

मृतक का फाइल फोटो

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। परिजनों को शांत कराने के लिए राघोपुर बीडीओ ओमप्रकाश भी घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद एक घंटे के भीतर जाम हटाया जा सका, लेकिन इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]