सुपौल: कोसी नदी में डूबने से 12 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के साहेवान गांव के पास कोसी नदी में डूबने से एक 5वीं कक्षा के छात्र अभिनंदन कुमार की मौत हो गई। घटना सोमवार की शाम की है, जब 12 वर्षीय अभिनंदन अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने के लिए कोसी नदी के स्पर संख्या-7 के पास गया था। वहां वह नदी की बढ़ती जलधारा को देख रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कोसी की तेज धारा में बह गया।

शव के पास रोते बिलखते परिजन

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और प्रशासन ने बच्चे को खोजने का प्रयास शुरू किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण खोजबीन में मुश्किलें आईं। मंगलवार की सुबह स्पर संख्या-7 के पास अभिनंदन का शव नदी में उपलाता हुआ मिला। शव को देखते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

मृतक की पहचान साहेवान गांव के निवासी अरुण कुमार के 12 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार के रूप में हुई। जब इस दुखद घटना की सूचना गांव वालों को मिली, तो बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

रतनपुर थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार सिंह ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, बसंतपुर के सीओ हेमंत कुमार ने भी जानकारी दी कि शव को बाहर निकाल लिया गया है और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिला परिषद सदस्य अर्चना कुशवाहा भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने शोक व्यक्त किया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मृतक के परिजन को सरकारी आपदा राहत मुआवजा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]