सुपौल: छठ पर्व की रौनक से जगमगाया जिला, खरना पर बाजारों में उमड़ी भीड़, सड़कों पर दिनभर जाम, डीएम-एसपी ने घाटों का लिया जायजा

News Desk Supaul:

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूरे जिले में भक्तिमय माहौल और जबरदस्त रौनक देखने को मिली। रविवार को खरना के अवसर पर व्रतियों और श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-सामग्री की खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजारों का रुख किए जाने के कारण जिले के प्रमुख बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर सड़कों पर लोगों की चहल-पहल और दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें बनी रहीं।

बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़

जिले के सुपौल, सिमराही, राघोपुर, त्रिवेणीगंज, पिपरा, सरायगढ़, किशनपुर, गणपतगंज, करजाइन सहित पूरे जिलेभर के बाजारों में सुबह से ही व्रतियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। छठ पूजा से जुड़ी वस्तुओं केला, नारियल, गन्ना, बांस के सूप-दौरा, फल-फूल, मिट्टी के दीये, सत्तू, गुड़, घी, आटा और चावल जैसी सामग्री की खरीदारी को लेकर दुकानों पर ग्राहकों की लंबी लाइनें देखी गईं। बाजारों में हर ओर छठ गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं की आवाजाही से पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।

एनएच-27 और 106 पर घंटों तक लगा जाम

खरीदारी के इस जोश के बीच जिले के सिमराही बाजार में जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। एनएच-27 और एनएच-106 दोनों पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। सुबह 11 बजे से ही जाम की स्थिति बनने लगी, जो शाम होते-होते विकट रूप ले चुकी थी। ऑटो, बाइक और चारपहिया वाहनों की आवाजाही लगभग ठप पड़ गई। कई श्रद्धालु पूजा सामग्री लेकर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकल पड़े। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल छठ पर्व से पूर्व ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इस बार भीड़ पहले से कहीं अधिक रही।

पुलिस व प्रशासन मुस्तैद

जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राघोपुर थाना पुलिस, एसएसबी जवान और कमांडो की टीम लगातार बाजारों में गश्त करती रही। जगह-जगह जवानों की तैनाती की गई थी ताकि यातायात सुचारू बना रहे। बावजूद इसके, बढ़ती भीड़ के कारण शाम तक जाम और गहरा गया। रात्रि 8 बजे तक एनएच-27 और एनएच-106 पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

उत्साह और आस्था से सराबोर श्रद्धालु

भीड़भाड़ और जाम की परेशानियों के बावजूद श्रद्धालुओं में छठ पर्व को लेकर अटूट आस्था और उत्साह देखने को मिला। महिलाएं खरना पूजा की तैयारी में जुटी रहीं। हर गली-मोहल्ले में छठ गीतों की मधुर धुन गूंजती रही और पूरे इलाके में उल्लास का माहौल बना रहा।

जिले के विभिन्न हिस्सों में प्रशासनिक स्तर पर छठ घाटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी जोरों पर है। श्रद्धालु सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में जुटे हैं, वहीं मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही यह महान पर्व संपन्न होगा।

इधर, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिलेभर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]