सुपौल: जितिया पर्व स्नान के दौरान मासूम बच्ची नदी में डूबी, एनडीआरएफ की खोज जारी

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दिनापट्टी पंचायत स्थित लिटियाही वार्ड संख्या 18 में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जितिया पर्व को लेकर मां के साथ नदी में स्नान करने गई 5 वर्षीय बच्ची शालो कुमारी डूब गई। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में कोहराम मच गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शालो कुमारी अपनी मां और अन्य महिलाओं के साथ सुबह करीब 9 बजे स्नान करने गई थी। स्नान के दौरान तेज धारा में बहकर वह गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते डूब गई। आसपास मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।

सूचना मिलने पर पिपरा सीओ उमा कुमारी और थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर करीब आठ घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर रात तक बच्ची का पता नहीं चल सका।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि डूबने की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया है। एनडीआरएफ की टीम लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक बच्ची का अता-पता नहीं चल पाया है। घटना से शोकाकुल परिवार और गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]