सुपौल नाव हादसा: 22 घंटे बाद भी चार महिलाएं लापता, पुल निर्माण की मांग पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत बेलापट्टी गांव में सोमवार देर शाम मिर्चईया नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर कुल 11 लोग सवार थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव नदी में पलट गई और उस पर सवार लोग डूब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सात लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन इनमें से एक महिला की मौत हो गई। वहीं चार महिलाएं अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

मंगलवार सुबह से ही एनडीआरएफ की टीम बचाव और खोज अभियान में जुटी है। गोताखोरों के साथ-साथ अब ड्रोन की मदद से भी तलाश की जा रही है। घटना स्थल पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर डेरा डाले हुए हैं, लेकिन कैमरे पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि दशकों से मिर्चईया नदी पर पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार की अनदेखी के कारण आज यह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि बेलापट्टी गांव और आसपास के लोग खेती-बाड़ी से लेकर अन्य जरूरी कार्यों के लिए हर दिन नदी पार करते हैं। खासकर बरसात के मौसम में नदी उफान पर रहती है और लोग जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार करने को मजबूर होते हैं।

लोगों ने कहा कि अगर नदी पर पुल बन गया होता तो यह हादसा नहीं होता। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और लोग प्रशासन तथा सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। वहीं, लापता महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]