सुपौल: परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र की बदमाशों ने की बेरहमी से पिटाई, गंभीर रूप से घायल छात्र अस्पताल में भर्ती

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यदेव हाई स्कूल से परीक्षा देकर वापस अपने घर लौट रहे छात्र को स्कूल गेट के सामने से उठा कर मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

जानकारी देते हुए पीड़ित घायल छात्र सत्यम कुमार ने बताया कि स्कूल में परीक्षा देने के पश्चात जब वे स्कूल से बाहर निकले तो स्कूल गेट के समीप पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने उसे मारपीट कर जबरदस्ती अपने साथ उसे मदरसा नहर के समीप ले गया जहां बेरहमी से उसके साथ मारपीट की गई। घायल छात्र के रोने की आवाज सुनकर कर खेत में घास काट रही महिलाओं ने देखा की वहां हल्ला हो रहा है। वहां जब महिलाएं पहुंची तो महिलाओं को आते देख सभी बदमाशों ने छात्र को घायलावस्था में छोड़ कर भाग निकला। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना 112 पुलिस और घायल छात्र के घरवालों को दी। जिसके बाद घायल छात्र को इलाज के लिए पिपरा सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल छात्र को बाहर रेफर कर दिया गया है। बताया गया है कि छात्र के सिर में गंभीर चोट लगी है। घायल छात्र दीनापट्टी पंचायत के सखुआ वार्ड 6 निवासी सत्यम कुमार बताया गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

इस बाबत स्कूल के हेडमास्टर अशोक भगत ने बताया कि स्कूल में परीक्षा के दौरान दो छात्रों में विवाद हुआ। जिसके बाद दोनो छात्रों को डांट डपट कर हटा दिया गया। जिसके बाद कैंपस के बाहर क्या घटना हुई यह जानकारी उन्हें नहीं है।

वहीं इस बाबत पिपरा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मारपीट के घटना की जानकारी मिली है। आवेदन प्राप्त होने पर समुचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]