सुपौल पुलिस को मिली बड़ी सफलता, टॉप-10 25 हजार का इनामी अपराधी राजा यादव गिरफ्तार, कई मामलों में था फरार

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुख्यात अपराधी राजा यादव को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। राजा यादव लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी को सुपौल पुलिस ने कानून-व्यवस्था की दृष्टि से एक बड़ी सफलता माना है।

राजा यादव के खिलाफ सुपौल जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में कई एफआईआर दर्ज हैं। यही कारण है कि उसे जिले के टॉप 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में रखा गया था।

गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए सुपौल एसपी शरथ आर.एस. ने बताया कि त्रिवेणीगंज पुलिस की विशेष टीम लंबे समय से आरोपी की टोह में लगी थी। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत राजा यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के दौरान पूरी सतर्कता बरती ताकि कोई प्रतिरोध न हो सके।

एसपी शरथ आर.एस. ने आगे बताया कि राजा यादव से पूछताछ की जा रही है और प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना है। उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस इस गिरफ्तारी को जिले में अपराध पर लगाम कसने की दिशा में एक निर्णायक कदम मान रही है। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]