सुपौल: बाबा भीमशंकर मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारी को दिया जा रहा है अंतिम रूप, निकाली जाएगी भव्य बारात

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के प्रमुख भीमशंकर महादेव मंदिर धरहरा में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर का रंग-रोगन, व टेंट आदि की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही है। अन्य वर्षों की भांति इसबार भी धरहरा भीमशंकर मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। शिवरात्रि के दिन यहां जिला समेत पड़ोसी देश नेपाल से भी लाखों की संख्या में भक्त पूजा अर्चना करने के लिए आते हैं। पूजा अर्चना करने के लिए मंदिर का पट अहल सुबह तीन बजे खोल दिया जाएगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर महादेव की भव्य बारात गणपतगंज बाजार से धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर तक साजो-सज्जा के साथ धूमधाम से हर वर्ष निकलती है।

जानकारी देते हुए मंदिर कमेटी के सचिव संजीव यादव ने बताया कि अन्य वर्षों की भांति इस बार मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है और भक्तों को पूजा-अर्चना करने में किसी प्रकार का कोई दिक्कत ना हो इसके लिए व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। बताया कि इस बार महादेव की बारात की झांकी भव्य होगी। फूलों से सजा आकर्षित बसहा रथ पर सवार होकर महादेव भोलेनाथ भीमशंकर महादेव मंदिर पहुंचेंगे। बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में जगह-जगह कार्यकर्ता के साथ-साथ पुलिस बल भी मुस्तैद रहेंगें साथ ही भक्तों के ठहरने के लिए सभी धर्मशाला में व्यवस्था की गई है।

वहीं मंदिर कमिटी के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि बाबा भीमशंकर की बरात अन्य वर्षों की भांति इसबार भी भव्य गाजे बाजे के साथ गणपतगंज ठाकुरबाड़ी से चलकर मंदिर तक आएगी। बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में है।

मंदिर के मुख्य पुजारी दुर्गेश नंदन गिरी ने बताया कि गुरुवार को नहाय-खाय के साथ महाशिवरात्रि का शुभारंभ होगा। शुक्रवार को महाशिवरात्रि का त्योहार श्रद्धालुओं के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन श्रद्धालु उपवास रखेंगे। शनिवार को शिवभक्त शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे। बताया कि बाबा भीमशंकर का रात्रि श्रृंगार भव्य रूप से किया जाएगा साथ ही बाबा का अभिषेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाभारत काल से ही यहां बाबा की पूजा की जाती है।

इधर, महाशिवरात्रि को लेकर क्षेत्र के लोगों के बीच भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]