सुपौल: बेखौफ अपराधियों ने फाइनेंस कर्मी की बेरहमी से की हत्या, गोलियों से छलनी कर शव सड़क किनारे फेंका, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले में अपराधियों का मनोबल बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना में जिले के प्रतापगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत चिलौनी उत्तर पंचायत के बेलही गांव स्थित वार्ड नं. 3 के निवासी अरविंद रजक उर्फ प्रवीण (40 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी। अपराधियों ने अरविंद को उनके घर से करीब 5-6 किलोमीटर दूर श्रीपुर पंचायत के भेंगा धार के पास ले जाकर बेरहमी से गोलियों से भून दिया। हत्या के बाद शव को नोनीया टोला की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर फेंक दिया गया।

सुबह चरवाहों ने देखी खौफनाक लाश

गुरुवार सुबह जब आसपास के चरवाहे अपने मवेशियों को चराने के लिए धार के पलार पर पहुंचे, तो सड़क किनारे पड़े शव पर उनकी नजर पड़ी। शव को देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल था कि यह किसका है, क्योंकि चेहरा गोलियों से बुरी तरह विकृत हो चुका था। शव मिलने की सूचना इलाके में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, बरामद हुए कारतूस के खोखे

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके से पांच कारतूस के खोखे बरामद किए। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन बाद में जब कुछ स्थानीय लोगों ने शव को ध्यान से देखा, तो उन्होंने अरविंद रजक के रूप में पहचान की।

परिवार में मचा कोहराम, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

जैसे ही अरविंद की हत्या की खबर उनके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। अरविंद तीन बच्चों के पिता थे और सिमराही स्थित एक मोटरसाइकिल शोरूम में फाइनेंस कर्मी के रूप में कार्यरत थे। उनके परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम वे सरस्वती पूजा के मूर्ति विसर्जन में शामिल होने गए थे। विसर्जन के बाद वे किसके साथ और कैसे निकले, यह किसी को पता नहीं।

परिजनों ने बताया कि रात 9 बजे तक उनका फोन चालू था। जब पत्नी ने फोन किया, तो अरविंद ने एक से डेढ़ घंटे में लौटने की बात कही। लेकिन इसके कुछ देर बाद ही उनका फोन स्विच ऑफ हो गया। घरवाले पूरी रात परेशान रहे, लेकिन सुबह जब उन्हें यह मनहूस खबर मिली, तो गांव में मातम छा गया।

पुलिस ने तेज की जांच, अपराधियों की तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुट गई है। पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *