सुपौल में जिला टास्क फोर्स की बैठक, राशन व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर

News Desk Supaul:

जिला पदाधिकारी सुपौल सावन कुमार की अध्यक्षता में आज आपूर्ति एवं अधिप्राप्ति से संबंधित जिला टास्क फोर्स की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता अधिप्राप्ति विकास कुमार कर्ण, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रबंध निदेशक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम सहित जिले के सभी सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी, राशन कार्ड निर्गमन व संशोधन, जन वितरण प्रणाली की दुकानों के निरीक्षण, लोक शिकायत निवारण और अधिप्राप्ति से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की।

जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र लाभुकों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के बीच राशन कार्ड टैगिंग में सुधार करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को सतत भ्रमणशील रहकर जन वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण करने का आदेश दिया। ई-केवाईसी कार्य को तीव्र गति से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी तय हुआ कि जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की अनुज्ञप्ति हेतु प्राप्त आवेदनों की योग्यता के आधार पर समीक्षा की जाएगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]