सुपौल में सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, साथी गंभीर

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पूर्वी कोसी तटबंध के 22 किमी स्पर के पास कोढ़ली गांव में हुआ, जब एक कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई।

मृतक की पहचान अभिषेक कुमार (30), निवासी वार्ड नंबर 10, बसंतपुर पंचायत के रूप में हुई है। वह अपने मित्र के साथ निजी कार्य से सुपौल जा रहे थे। रास्ते में विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक कार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिषेक कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथी को गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अनुमंडल अस्पताल वीरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके साथी की हालत चिंताजनक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार अभिषेक कुमार बसंतपुर प्रखंड कार्यालय के सामने सेंट्रल बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालित कर रहे थे और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनकी शादी मई 2024 में प्रतापगंज की निशा कुमारी से हुई थी। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे और पूरे परिवार की उम्मीदों का केंद्र थे।

परिवार में छाया मातम

अभिषेक की मृत्यु की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, क्योंकि अभिषेक मिलनसार और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना प्रभारी मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। वहीं, भपटियाही थाना प्रभारी आकाश आनंद ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *