सुपौल में 11वीं की छात्रा की रहस्यमयी मौत, पोस्टमार्टम में शरीर से निकली गोली, इलाके में हड़कंप

News Desk Supaul:

बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। यहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की मौत को पहले सीढ़ियों से गिरने की घटना बताया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही पूरे मामले ने गंभीर आपराधिक मोड़ ले लिया।

मामला जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान भीमनगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी रूपेश सिंह उर्फ रॉकी की पुत्री अपेक्षा सिंह के रूप में हुई है। अपेक्षा 11वीं कक्षा की छात्रा थी। घटना मंगलवार की शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, घटना के वक्त अपेक्षा घर के डायनिंग हॉल में टीवी देख रही थी, जबकि उसके चाचा सुमित सिंह बाथरूम में थे। इसी दौरान किसी भारी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर अपेक्षा फर्श पर गिरी हुई मिली। परिजन आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजनों के आवेदन पर भीमनगर थाना में यूडी कांड संख्या 01/26 दर्ज किया गया। हालांकि मामला तब संदिग्ध हो गया, जब देर रात करीब डेढ़ बजे वीरपुर और भीमनगर थाना की पुलिस संयुक्त रूप से मृतका के घर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा।

बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान बड़ा खुलासा हुआ। डॉक्टरों ने मृतका के शरीर से एक बुलेट बरामद किया और गोली लगने से मौत की पुष्टि की। बताया गया कि काफी मशक्कत के बाद पोस्टमार्टम के दौरान बुलेट निकाला जा सका। शरीर पर गोली लगने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं।

रेफरल अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि भीमनगर से लाई गई छात्रा की मौत का कारण गोली लगना है, हालांकि गोली कैसे और किन परिस्थितियों में लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

वहीं, सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल परिजनों के बयान भी जांच के दायरे में हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि 11वीं कक्षा की छात्रा को गोली किसने और क्यों मारी? यह हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश? पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी। अभी पूरे इलाके में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]