सुपौल: राघोपुर के इन क्षेत्रों में सोमवार को 4 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी ठप, बिजली विभाग ने की पूर्व तैयारी की अपील

न्यूज डेस्क सुपौल:

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य अभियंता द्वारा भेजे गए पत्र के आलोक में जिले के राघोपुर प्रखंड के विभिन्न इलाकों में सोमवार को सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। यह चार घंटे का शटडाउन रेलवे के न्यू लाइन प्रोजेक्ट के अंतर्गत नवनिर्मित 132 केवी डबल सर्किट लाइन पर तार खींचने के कार्य को लेकर आवश्यक बताया गया है।

बिजली विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस अवधि के दौरान 33 केवी राघोपुर, 33 केवी लालगंज और चंपानगर पावर स्टेशन से जुड़े सभी 11 केवी फीडरों पर विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगी। हालांकि, राघोपुर पावर स्टेशन को इस दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 33 केवी कटैया ग्रिड से आपूर्ति प्रदान की जाएगी, जिससे इस स्टेशन से जुड़े अधिकतर क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी।

दूसरी ओर, चंपानगर पावर स्टेशन से निकलने वाले सभी 11 केवी फीडरों की आपूर्ति पूरी तरह से बंद रहेगी, जिससे चंपानगर, हुलास, हुसैनाबाद, धरहरा, राघोपुर पंचायत का आंशिक हिस्सा और देवीपुर पंचायत का आंशिक क्षेत्र प्रभावित होगा।

इस संबंध में बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) कृष्ण कुमार यादव ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती को लेकर आवश्यक पूर्व तैयारियां कर लें। उन्होंने कहा कि जैसे ही कार्य पूरा होगा, विद्युत आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया जाएगा।

रेलवे प्रोजेक्ट को लेकर किए जा रहे इस तकनीकी कार्य को लेकर विभागीय स्तर पर सभी आवश्यक इंतज़ाम सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हो। साथ ही, वैकल्पिक ग्रिड की सहायता से अधिकतर क्षेत्रों की आपूर्ति सामान्य बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]