सुपौल: राघोपुर गोलीकांड का खुलासा, मृतक की भाभी समेत चार गिरफ्तार

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर सायत गांव में 11 अगस्त की रात हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात में घायल हुए महेश यादव की मौत 13 अगस्त को इलाज के दौरान दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हो गई थी। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर इस घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक की भाभी भी इस साजिश में शामिल पाई गई है।

बता दें कि 11 अगस्त की रात महेश यादव, पिता कुसुमलाल यादव, अपने घर के बरामदे पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 13 अगस्त को उनकी मौत हो गई।

प्राथमिकी दर्ज

घटना के बाद मृतक के परिजनों के फर्दबयान पर राघोपुर थाना कांड संख्या 328/25 दर्ज किया गया। 14 अगस्त को पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1)/61(2)/3(5) बीएनएस तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। नामजद अभियुक्तों में गणेश कुमार (पिता कुसुमलाल यादव) और उनकी पत्नी प्रीति कुमारी (पति गणेश कुमार), दोनों लक्ष्मीपुर सायत निवासी, शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की साजिश मृतक की भाभी प्रीति कुमारी ने रची थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के साथ-साथ तीन अन्य आरोपियों को भी दबोचा है –

  • प्रीति कुमारी, पत्नी गणेश कुमार, निवासी लक्ष्मीपुर सायत (राघोपुर थाना)
  • पप्पू कुमार, पिता सत्यनारायण यादव, निवासी मझौआ
  • सुखदेव यादव, पिता स्व. देवन यादव, निवासी दुबियाही (थाना भपटियाही)
  • भूपेन्द्र यादव, पिता स्व. अगमलाल यादव, निवासी सुखासन (थाना किशनपुर)

सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

छापेमारी दल में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, भपटियाही थानाध्यक्ष संजय दास, आर.बी. सिंह, डीआईयू टीम के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सुपौल सशस्त्र बल समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान और खुफिया तंत्र की सक्रियता से त्वरित कार्रवाई संभव हो पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]