सुपौल: सिमराही में NH 27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत अंतर्गत एनएच-27 पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना मध्य विद्यालय धर्मपट्टी के समीप हुई, जहां सड़क पार कर रहे 60 वर्षीय मो. वाजील को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मो. वाजील भोज खाने के बाद घर लौट रहे थे। अपने घर के पास स्थित एनएच-27 को पार करने के दौरान, भपटियाही की ओर से तेज गति में आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का आक्रोश और सड़क जाम

इस हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे एनएच-27 पर यातायात ठप हो गया। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। ट्रक को रोकने के बाद लोगों का गुस्सा कुछ हद तक शांत हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने लोगों को समझाया और जाम हटवाकर यातायात बहाल किया।

मामले को लेकर राघोपुर थाना प्रभारी जैनेन्द्र झा ने बताया कि ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की पूरी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *