सुपौल: राघोपुर में एसडीएम नीरज कुमार ने लिया छठ घाटों का जायजा, साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश

News Desk Supaul:

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राघोपुर प्रखंड और सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रविवार को पर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर अनुमंडल प्रशासन की टीम ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नीरज कुमार और राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने प्रखंड क्षेत्र के साथ-साथ नगर पंचायत सिमराही के प्रमुख घाटों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और घाटों पर बेरिकेडिंग जैसी तैयारियों की समीक्षा की।

सिमराही नगर पंचायत वार्ड नंबर 5 स्थित भुतही पोखर पर अधिकारियों ने स्वयं मौके पर जलस्तर की माप की। एसडीएम नीरज कुमार ने एक युवक को पोखर में उतरवाकर पानी की गहराई मापने का निर्देश दिया, ताकि सुरक्षा के लिहाज से उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि घाटों पर चेनिंग तार नहीं लगाई जाए और कटे-फटे तारों की तुरंत मरम्मत कराई जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना या परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के सभी छठ घाटों पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। यह महापर्व पूरी श्रद्धा और शांति से संपन्न हो, यही हमारी प्राथमिकता है।

वहीं अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। साथ ही मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी, पुरुष व महिला पुलिस बल को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को पूर्ण सुरक्षा और सुविधा मिल सके।

इधर छठ पर्व को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रखंड क्षेत्र के इलाकों के लोग मिलजुलकर घाटों की सफाई, सजावट और व्यवस्था में जुटे हैं। श्रद्धा और आस्था का यह महापर्व पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]