सुपौल: राघोपुर में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 16 वर्षीय युवती की मौत, परिजनों में पसरा मातम, पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज स्थित हरावत राज उच्च विद्यालय के समीप एनएच 106 सड़क पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में संजय नगर वार्ड 2 निवासी चौकीदार लक्ष्मण उर्फ गुड्डू पासवान की 16 वर्षीय पुत्री कल्पना कुमारी की एक अज्ञात पिकअप वैन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन कल्पना के शव को उठाकर अपने घर ले गए। जिसके बाद परिजनों में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, कल्पना कुमारी अपने पड़ोस की 60 वर्षीय रशीदा खातून और 26 वर्षीय गुलशन खातून के साथ सुबह टहलने निकली थी। घर लौटते समय, जब वे लोग सड़क से हटकर कच्ची सड़क पर चल रहे थे, तभी गणपतगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन ने कल्पना को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कल्पना पिकअप के बंपर में फंस गई। पिकअप चालक ने जल्दबाजी में उसे बंपर से छुड़ाया और वैन लेकर वहां से फरार हो गया। इस हादसे में गुलशन खातून भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विलाप करते परिजन

वहीं रशीदा खातून ने बताया कि घटना के समय कल्पना पानी मांग रही थी, लेकिन बगल के घर के मालिक ने पानी देने से मना कर दिया। कुछ ही समय बाद, कल्पना ने दम तोड़ दिया। रशीदा खातून ने तुरंत मृतिका के परिजनों को इस हादसे की सूचना दी, जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतिका का फ़ाइल फोटो

वहीं मृतिका के पिता लक्ष्मण पासवान ने बताया कि वह ग्रामीण पुलिस में नौकरी करते है और उस दिन सुबह करीब 5 बजे ड्यूटी से घर लौटे थे। उनकी बेटी कल्पना ने उन्हें चाबी देकर टहलने के लिए निकल गई थी। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बेटी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि उनकी बेटी का शव पड़ा था, जिससे परिवार में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि अपनी बेटी की शादी की तय कर दिया था और सोचा था कि मकान की छत ढलाई के बाद शादी करेंगे, लेकिन इस हादसे ने उनकी दुनिया उजाड़ दी।

वहीं, घटना के बाद मृतिका के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और कहा कि वे इस मामले में किसी भी प्रकार का लाभ नहीं लेना चाहते हैं।

इस बावत थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस को घटना स्थल पर भेज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]