सुपौल: राघोपुर में तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर से मासूम की मौत, माता-पिता घायल

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहरा स्थित शैलेष मंदिर के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार बाइक से गौनाहा से सुपौल जा रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, मनोज साह अपनी पत्नी और एक वर्षीय पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान, धरहरा स्थित शैलेष मंदिर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पानी टंकी की टेम्पो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने की मदद

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को रेफरल अस्पताल, राघोपुर ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच-पड़ताल के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

मां का बिलख-बिलख कर रोना

अपने बेटे को मृत देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह अपने आंचल से बेटे को ढकते हुए बार-बार कह रही थी, “कितने देवी-देवताओं से मांगकर यह बेटा हुआ था, लेकिन अब यह कुछ क्यों नहीं बोल रहा?” माता-पिता अपने बेटे को डॉक्टर को दिखाने के लिए सुपौल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी खुशियां मातम में बदल गईं।

मृतक बच्चे की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गौनाहा वार्ड 4 निवासी मनोज साह के पुत्र मिथलेश कुमार (1 वर्ष) के रूप में हुई है।

इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों के द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *