सुपौल: राघोपुर में दर्दनाक हादसा, महादेव स्थान शिवगंगा पोखर में डूबने से बच्चे की मौत, परिवार में मचा कोहराम

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत धरहारा पंचायत के वार्ड नंबर 14 में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान किशोर मंडल के पुत्र संदीप कुमार के रूप में की गई है। संदीप की मौत महादेव स्थान स्थित शिवगंगा पोखर में डूबने से हो गई।

जानकारी के अनुसार, संदीप मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे घर पर खाना खाकर निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

मृतक की मां सीता देवी ने बताया कि जब आसपास पूछताछ की गई तो कुछ लोगों ने बताया कि मंदिर के पोखर के पास भी जाकर देख लीजिए। परिजन जब शिवगंगा पोखर के पास पहुंचे तो वहां संदीप का कपड़ा दिखाई दिया। कपड़ा देखकर मां सीता देवी जोर-जोर से रोने लगीं और चिल्लाने लगीं— “कपड़ा यहां है, मेरा बेटा कहां है?”

स्थानीय लोग तुरंत पोखर के पानी में उतरे और खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद संदीप को बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में परिजन उसे राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वे बार-बार बेहोश हो जा रही थीं और कह रही थीं— “यह मेरा एकलौता बेटा था, अब मैं किसके लिए जियूँगी।”

घटना की जानकारी मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]