सुपौल: राघोपुर में प्रिंस हत्याकांड के विरोध में लोगों ने आरोपियों के घरों में की तोड़फोड़ और आगजनी, इलाके में पुलिस कैंप

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीपुर वार्ड नंबर-4 में शुक्रवार को प्रिंस हत्याकांड को लेकर अज्ञात लोगों ने नामजद आरोपियों के खाली घरों पर हमला बोल दिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और एक फूस के घर को आग के हवाले कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस द्वारा कैंप किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, दर्जनों अज्ञात लोगों ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरजीत सादा और उसके परिजनों के घरों में तोड़फोड़ की। घर के अलबेस्टर, कपड़े, अनाज और अन्य सामानों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के दौरान सभी आरोपी पहले ही घर छोड़कर फरार हो चुके थे।

एसडीपीओ ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

मौके पर पहुंचे वीरपुर के एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि घटना की गहन जांच की जा रही है। जिन्होंने कानून हाथ में लिया है, उन्हें चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के आरोपियों के घरों की सुरक्षा को देखते हुए वहां पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला

बीते दिन मथुरा निवासी प्रिंस की निर्मम हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि सुरजीत सादा ने अपने दो भाइयों और तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर तीन युवकों को बंधक बनाया था। उनमें से प्रिंस की हत्या कर दी गई, जबकि अजय एवं नीतीश को छातापुर थाना क्षेत्र के तिलाठी गांव ले जाया गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिलाठी गांव से दोनों को सकुशल बरामद कर लिया, साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। बाद में प्रिंस का शव कोरियापट्टी तिलावे धार से सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया। इसी घटना से नाराज अज्ञात लोगों ने शुक्रवार को हिंसक प्रतिक्रिया देते हुए आरोपियों के घरों में हमला कर दिया।

इलाके में तनाव, पुलिस सतर्क

फिलहाल गांव की स्थिति तनावपूर्ण है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]