सुपौल: राघोपुर में बढ़ते अपराध के खिलाफ व्यापारियों का बड़ा फैसला, रविवार को संपूर्ण बाजार बंद का ऐलान

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ने से आमजन और व्यापारी वर्ग दोनों ही गहरी दहशत में हैं। हाल ही में 10 सितम्बर को सिमराही बाजार स्थित सर्राफ ज्वेलर्स से लाखों के आभूषण चोरी की घटना ने व्यापारियों के धैर्य को तोड़ दिया है। इस घटना को लेकर पुलिस की भूमिका और कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शनिवार की संध्या को व्यापार संघ की एक आवश्यक बैठक बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता व्यापार संघ अध्यक्ष ललित जायसवाल ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रविवार को नगर पंचायत सिमराही में एक दिवसीय संपूर्ण बाजार बंद रखा जाएगा। इस दौरान जीवन रक्षक दवाइयों की दुकानें ही खुली रहेंगी। शनिवार शाम को ही इस बंद की घोषणा लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे बाजार में कर दी गई, जिससे लोगों को पहले से ही जानकारी मिल गई।

व्यापारियों ने बताया कि चोरी की घटना के दिन ही बाजार बंद करने की योजना थी, लेकिन राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने अपराधियों को पकड़ने के लिए 36 घंटे का समय मांगा था। व्यापारियों ने विश्वास करते हुए उस दिन बाजार बंद नहीं किया, मगर निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी न तो अपराधियों की पहचान हो सकी और न ही कोई गिरफ्तारी हुई।

इससे नाराज व्यापारियों का कहना है कि अपराधी लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। व्यापार संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और भी व्यापक स्वरूप लेगा।

व्यापारियों का यह भी कहना है कि हाल की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन गया है। बाजार में कारोबार करना असुरक्षित लगने लगा है और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता ने व्यापारियों का भरोसा तोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]