सुपौल: राघोपुर में भीषण अग्निकांड, तीन परिवारों के छह घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर पंचायत के वार्ड संख्या–5 में बुधवार देर रात करीब 11 बजे अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस भीषण अग्निकांड में तीन परिवारों के कुल छह घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक घटनास्थल से धुआं निकलता रहा।

आग की चपेट में आने से घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी कागजात, नकद राशि समेत घरेलू उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। इसके अलावा तीन बकरियां और एक मवेशी भी आग में झुलसकर मर गए। पीड़ित परिवारों के पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है, जिससे उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी छह घर और उनमें रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से सटे हुए अन्य पड़ोसी घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। बावजूद इसके, एक पड़ोसी के घर के कुछ हिस्से भी आग की लपटों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।

इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों को नकद राशि का भी भारी नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायण यादव का लगभग 30 हजार रुपये नकद, बिजेंद्र यादव का करीब 40 हजार रुपये नकद, उपेंद्र यादव का लगभग 10 हजार रुपये नकद आग में जलकर नष्ट हो गया। इस प्रकार कुल मिलाकर करीब 80 हजार रुपये नकद के नुकसान की पुष्टि की गई है, जबकि घरेलू सामान, अनाज, मवेशी और मकानों को मिलाकर नुकसान कहीं अधिक बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी संज्ञान लिया गया है। इस संबंध में राघोपुर की अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि उन्हें अग्निकांड की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]