सुपौल: राघोपुर स्टेशन पर रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्थानीय लोगों ने सौंपा ज्ञापन, कोसी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी सुधारने की उठाई मांग

न्यूज डेस्क सुपौल:

मंगलवार को जिले के राघोपुर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थानीय लोगों ने स्टेशन मास्टर के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक (समस्तीपुर), महाप्रबंधक (हाजीपुर) और भारत सरकार के रेल मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में कोसी क्षेत्र की रेल सेवाओं में विस्तार और सुधार की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि सहरसा-फारबिसगंज रेलखंड, जो पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत आता है, अपनी सामरिक, धार्मिक और भौगोलिक महत्ता के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में इस क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार नई रेल सेवाओं की शुरुआत, ट्रेनों का विस्तार और समय सारणी में सुधार बेहद जरूरी है।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगे

  1. नई ट्रेन सेवा की शुरुआत

फारबिसगंज से सुबह 6 बजे सहरसा के लिए एक नई पैसेंजर ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है। यह सेवा उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जो इलाज, सरकारी कार्य, कॉलेज या अन्य जरूरतों के लिए सुपौल और सहरसा जाना चाहते हैं। वर्तमान में ऐसी कोई सेवा नहीं है, जो सुबह के समय लोगों को यह सुविधा दे सके।

  1. डेमू ट्रेन का विस्तार

गाड़ी संख्या 05523/24 (सहरसा-ललितग्राम डेमू) का विस्तार फारबिसगंज तक किया जाए। इससे यात्रियों को इस ट्रेन का पूरा लाभ मिलेगा, और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

  1. राज्यरानी एक्सप्रेस का विस्तार

गाड़ी संख्या 12567/68 (सहरसा-पटना राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस) का विस्तार सरायगढ़ से ललितग्राम तक करने की मांग की गई है। इसे राघोपुर स्टेशन पर ठहराव के साथ ललित नारायण मिश्र की जन्मभूमि ललितग्राम तक स्थायी रूप से चलाने की अपील की गई है। इससे कोसी क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना जाने के लिए एक सुगम और सीधी सेवा मिलेगी।

  1. जनसाधारण एक्सप्रेस का विस्तार

गाड़ी संख्या 14603/14604 (अमृतसर-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस) सहरसा स्टेशन पर 21 घंटे खड़ी रहती है। इसका प्राथमिक रखरखाव अमृतसर में ही होता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि इसे सुपौल, राघोपुर होते हुए ललितग्राम या फारबिसगंज तक विस्तारित किया जाए। इससे इस ट्रेन की उपयोगिता बढ़ेगी और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

  1. फारबिसगंज-सहरसा डेमू ट्रेन की समस्या का समाधान

फारबिसगंज-सहरसा डेमू (05515) ट्रेन का परिचालन कई समस्याओं से ग्रसित है। इस ट्रेन को सभी स्टेशनों पर रोका जाता है, जिससे सहरसा तक की 111 किलोमीटर की दूरी तय करने में 5 से 8 घंटे लग जाते हैं। इसके कारण यात्रियों का समय बर्बाद होता है और मानसिक परेशानी होती है। ज्ञापन में इस ट्रेन के परिचालन में सुधार और समय सारणी को दुरुस्त करने की मांग की गई है।

  1. नई सुपरफास्ट ट्रेन की मांग

कटिहार या जोगबनी से फारबिसगंज, राघोपुर, निर्मली, झंझारपुर होते हुए नई दिल्ली तक एक नई सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है। इससे इस पिछड़े क्षेत्र का सीधा जुड़ाव देश की राजधानी से हो सकेगा, जो क्षेत्र के विकास में सहायक होगा।

  1. हावड़ा या सियालदाह के लिए नई ट्रेन

दरभंगा से निर्मली, राघोपुर और फारबिसगंज होते हुए हावड़ा या सियालदाह तक एक द्विसाप्ताहिक ट्रेन चलाने की मांग की गई है। इसके अलावा, दरभंगा से हावड़ा के बीच चल रही साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन (15235/36) को वाया झंझारपुर, राघोपुर और फारबिसगंज चलाने की अपील की गई है।

  1. जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस की गति बढ़ाने की मांग

जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस (13211/12) की औसत गति बेहद कम है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। ज्ञापन में इसका स्पीड अप करने की मांग की गई है, ताकि लोगों का समय बच सके और यात्रा सुगम हो।

मौके पर बैद्यनाथ भगत, उमेश गुप्ता, मयंक गुप्ता, मंजीत स्वर्णकार, बिंदा प्रसाद गुप्ता, मो अकरम, अविनाश चौधरी, अमरजीत कुमार, प्रशांत वर्मा, गुड्डू दास, रिंकू भगत, प्रमोद साह, राजकुमार पौद्दार, गुड्डू गुप्ता, गौतम चौधरी, आदित्य गुप्ता, राहुल पासवान सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]