सुपौल: सिमराही में मनु फाउंडेशन द्वारा प्लंबरों के लिए प्लंबिंग और सुरक्षा पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

News Desk Supaul:

समाजिक सरोकारों से जुड़े कामों में सक्रिय मनु फाउंडेशन ने संत मनु बाबा मंदिर, सिमराही में प्लंबरों के लिए “प्लंबिंग और सुरक्षा” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्लंबरों को आधुनिक तकनीकों और सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल, पूर्व प्रमुख महेन्द्र प्रसाद गुप्ता, सिमराही पंचायत के पूर्व मुखिया प्रो. वैद्यनाथ प्रसाद भगत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन माधोगड़िया, मनु फाउंडेशन के ट्रस्टी वैद्य रीतेश मिश्र, एशियन पेंट्स ब्यूटीफुल होम्स एकेडमी के संदीप मंडल और गुरु प्रसाद, अर्बन मकान बिल्डिंग सॉल्यूशंस के दिव्यकृति, रत्नेश मिश्र व पार्थ सारथी ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर ट्रस्टी वैद्य रीतेश मिश्र ने कहा कि मनु फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा समेत समाजिक विकास के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्लंबरों के लिए आयोजित यह कार्यशाला उनके कौशल विकास और व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भवन निर्माण क्षेत्र में लगातार नई तकनीकें और तरीके आ रहे हैं, इसलिए कुशल कारीगरों के लिए यह आवश्यक है कि वे नवीनतम जानकारी और सुरक्षा मानकों से अवगत रहें। उन्होंने कामगारों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने का आग्रह किया।

पूर्व प्रमुख महेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि ज्ञान और नई चीजें सीखने की प्रवृत्ति ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। प्रो. वैद्यनाथ प्रसाद भगत ने भी प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कुशल और प्रशिक्षित व्यक्ति का समाज में उच्च स्थान होता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण लेकर अपनी दक्षता बढ़ाने वाले लोग न केवल अपने लिए बल्कि समाज के लिए भी मिसाल बनते हैं।

कार्यशाला में प्रशिक्षक संदीप मंडल और गुरु प्रसाद ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्लंबिंग कार्यों में सुरक्षा नियमों और तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा का पालन करना केवल स्वयं के लिए ही नहीं बल्कि परिवार और ग्राहकों की खुशहाली के लिए भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में देवादित्य सेन, संदीप मंडल, लालबहादुर मंडल, मिथलेश पासवान, कपिलदेव, इंद्रजीत, सुंदर मुखिया, उमेश सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]