सुपौल: सिमराही में रामनवमी के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा, शामिल हुए हजारों लोग, भगवामय हुआ शहर

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत में रामनवमी के सुअवसर पर मंगलवार को श्री रामजानकी ठाकुरबाड़ी परिसर स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए और पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। यह शोभायात्रा दुर्गा मंदिर के प्रांगण से निकलकर एनएच 57 के रास्ते जेपी चौक, पिपराही रोड होते हुए धोबियाही मोड़, सिमराही पेट्रोल पंप के पास से एनएच 106 होते हुए राघोपुर थाना के समीप पहुंचा, जहां से पुनः वापस होकर एनएच 106 के रास्ते जेपी चौक सिमराही पहुंचा। वहां से एनएच 57 होते हुए गांधी नगर पहुंच, वापस एनएच 57 के रास्ते हॉस्पिटल रोड होते रामनगर मोड़, करजाईन रोड होते हुए सिमराही जेपी चौक होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचकर यात्रा का समापन किया गया।

जय श्री राम के नारों व भगवा ध्वज से पूरा शहर हुआ भगवामय

बता दें कि शोभायात्रा में शामिल हजारों की संख्या में रामभक्त युवाओं ने भाग लेकर जय श्रीराम के नारों के बीच पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। जय श्रीराम के नारों व भगवा ध्वज के बीच पूरा क्षेत्र भगवामय हो गया। साथ ही रामभक्ति गीतों पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा जिस गली से गुजरी, लोगों में उत्साह भरता गया और लोग इस भव्य शोभायात्रा का हिस्सा बनते गए।

शोभायात्रा में महिलाओं के बीच दिखा खासा उत्साह

वहीं इस शोभायात्रा को लेकर नगर के महिलाओं के बीच भी खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान हजारों की संख्या महिलाएं शोभायात्रा की आगवानी करती दिखी। शोभायात्रा के दौरान राम सीता की आकर्षक झांकी आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। इस यात्रा के दौरान नगर क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर पेयजल, शर्बत आदि की भी व्यवस्था की गई थी।

शोभायात्रा के दौरान प्रशासन रहे सजग

बता दें कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सजग दिखी। शोभायात्रा के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में सुवेश कुमार को तैनात किया गया था साथ ही बीडीओ ओमप्रकाश और थानाध्यक्ष नवीन कुमार दर्जनों पुलिस बलों के साथ यात्रा के साथ मुस्तैद नजर आए, वहीं एसडीएम नीरज कुमार और डीएसपी सुरेंद्र कुमार भी लगातार इस पर नजर बनाए हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]