सुपौल: 31 मार्च तक पिपरा में बजेगी ट्रेन की सिटी, क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

31 मार्च 2025 तक पिपरा बाजार तक ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा। इसको लेकर पिपरा क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।

मालूम हो कि सुपौल से अररिया और गलगलिया तक नई रेल परियोजना में युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। सुपौल से पिपरा बाजार तक रेल पटरी बिछाने से लेकर पुल पुलिया निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है।

जानकारी देते हुए सुपौल सांसद दिलेश्वर कामत ने कहा है कि 31 मार्च तक सुपौल से पिपरा तक रेल का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिपरा और त्रिवेणीगंज के बीच एक पुल का निर्माण तेज गति से चल रहा है। समय पर पुल निर्माण हो जाता है तो त्रिवेणीगंज तक भी रेल का परिचालन 31 मार्च तक कर दिया जाएगा। अन्यथा उसके दो महीने बाद जून तक त्रिवेणीगंज तक भी रेल का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल 31 मार्च तक सम्भावित ट्रेन का परिचालन सुपौल से पिपरा तक किये जाने को लेकर इस नई रेल लाइन पर कार्य की गति बढ़ा दी गई है।

इधर पिपरा तक ट्रेन का परिचालन जल्द शुरू होने की बात पर पिपरा वासियों में काफी खुशी है। लोगों ने कहा कि वे अपने गाँव पिपरा में पहली बार ट्रेन की सिटी सुनेंगे। जिससे लोग काफी खुश है। लोगों ने कहा कि ट्रेन का परिचालन शुरू होने से एक तरफ जहां आवाजाही सुलभ होगी वहीं रोजगार और विकास के अन्य अवसर के द्वार भी खुलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]